हाइवा और ट्रेलर में जोरदार टक्कर : वाहनों में भीषण आग लगने पर दोनों चालकों की जलकर मौत
सरायकेला:जिले के राजनगर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जहां राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच-220 पर रोला-खैरबनी मोड़ के पास देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ है. हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि दोनों चालकों की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए और दोनों वाहन सड़क किनारे खेत में पलटने के बाद आग लग गई. घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे. पुलिस ने दोनों मृत चालकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एक बार फिर एनएच-220 को फोरलेन बनाने की मांग उठाई है. लोगों का कहना है कि भारी वाहनों के लगातार बढ़ते दबाव और संकरी सड़क के कारण इस मार्ग पर आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं. फिलहाल पूरे इलाके में इस दुर्घटना को लेकर शोक और दहशत का माहौल है.





