धनबाद : कोयलांचल में रथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह का माहौल है. इस्कॉन धनबाद की ओर से धनबाद में सबसे बड़ी जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली गयी. स्टील गेट से गोल्फ ग्राउंड तक 5 किलोमीटर की रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान की एक झलक पाने को आतुर दिखे. पिछले साल की भांति इस बार भी आईआईटी और बीआईटी के छात्रों ने रथ तैयारी की.


IIT और BIT के छात्रों ने भगवान जगन्नाथ के रथ को किया तैयार

इस्कॉन धनबाद के अध्यक्ष नामप्रेस दास और उपाध्यक्ष दामोदर दास सहित कई भक्त पूरे आयोजन की व्यवस्था संभालने और भजन कीर्तन में शामिल हैं. स्टील गेट स्थित दुर्गा मंडप से रथ यात्रा की शुरुआत हुई. विभिन्न झांकियों के साथ रथ यात्रा सरायढेला थाना मोड़, पीके राय कॉलेज, आईआईटी, पुलिस लाइन, रणधीर वर्मा चौक, एसएसएलएनटी होते हुए गोल्फ ग्राउंड पहुंची. इस दौरान पांच स्थानों पर रोक कर भगवान को 56 भोग अर्पित किया गगा. गोल्फ ग्राउंड पहुंचने पर रथयात्रा में भव्य स्वागत की गई. गोल्फ ग्राउंड में दो मंच बनाए गए हैं. जहां भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलराम के साथ विश्राम करेंगे और भक्तों को दर्शन देंगे. यहीं पर भगवान की पुष्पांजलि, आरती, कथा, कीर्तन व सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा.

नंदी घोष के ऑटोमेटिक रथ पर लगाए गए घोड़े जगन्नाथ बलदेव सुभद्रा का यह रथ पिछले वर्ष की तरह इस बार भी आईआईटी और बीआईटी के छात्रों द्वारा बनाए हुए ऑटोमेटिक सिस्टम युक्त हैं. यात्रा मार्ग में अलग-अलग ऊंचाइयों पर आनेवाली बाधाओं के अनुसार रथ अपने आप अपने गुंबद की ऊंचाई 30 फीट से 15 फीट तक समायोजित कर लिया. इसके अतिरिक्त इस बार जगन्नाथ पुरी के रथ की अनुकृति करते हुए आसनसोल से चार सुंदर लकड़ी के घोड़े मंगवा कर रथ पर आरूढ़ किए गए. इन चारों घोड़ों के नाम हैं शंख, श्वेत, बलहक और हरिदश्व जो कि इस नंदीघोष नामक जगन्नाथ के दिव्य रथ की शोभा बने हैं.