धनबाद : टुंडी में परीक्षा केंद्र के बाहर छात्रों के दो गुटों में हिंसक झड़प,मैट्रिक परीक्षा में चीटिंग करने पर बढ़ा विवाद

Edited By:  |
dhanbad dhanbad

धनबाद:जिले के टुंडी थाना क्षेत्र में मैट्रिक परीक्षा के अंतिम दिन यानी आज परीक्षा केंद्र के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई. यह हिंसक झड़प मॉडल स्कूल और बरवाटांड़ स्कूल के परीक्षार्थियों के बीच हुई है. जिसमें कई छात्र-छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) रेफर कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि चीटिंग करने के विरोध में विवाद हुआ था.

दूसरे पक्ष के परीक्षार्थियों ने किया विरोध

प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाद प्लस टू हाई स्कूल टुंडी परीक्षा केंद्र के अंदर शुरू हुई थी. बताया जा रहा है कि परीक्षा के दौरान एक छात्रा कथित तौर पर चीटिंग कर रही थी. जब दूसरे पक्ष के परीक्षार्थियों ने विरोध किया तो केंद्र के अंदर गहमा-गहमी शुरू हो गई. परीक्षा खत्म होने के बाद जैसे ही छात्र बाहर निकले,विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.


दर्जनों युवकों ने बोला हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छुट्टी होने के बाद करीब दर्जनों की संख्या में लड़कों ने दूसरे पक्ष के छात्र-छात्राओं पर हमला बोल दिया. इस हमले में लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया गया, जिसमें कई परीक्षार्थी चोटिल हो गए. घटना के बाद दोनों पक्ष के लोग और घायल छात्र टुंडी थाना पहुंचे. जहां पुलिस ने मामले की जानकारी ली.

पुलिस की जांच जारी

टुंडी थाना प्रभारी उमा शंकर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरी घटना की गहन जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों और मारपीट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है.