देवघर : श्रावणी मेला में शिव भक्तों को बड़ी सौगात,निःशुल्क हुआ बाबा का शीघ्र दर्शन
देवघर:श्रावणी मेला के बीच जिला प्रशासन ने स्थानीय श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात दी है.प्रशासन की विशेष पहल पर आज बुधवार सुबह 9 बजे के बाद देवघर के स्थानीय निवासी पूरी तरह निःशुल्क शीघ्र दर्शनम के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण कर रहे हैं. इस सुविधा के लिए स्थानीय लोगों को आधार कार्ड,पैन कार्ड या वोटर आईडी जैसे स्थानीय पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य किया गया है.
पहचान पत्र के आधार पर श्रद्धालुओं को शीघ्र दर्शन के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं देना पड़ रहा है. सावन मेले में उमड़ रही भारी भीड़ के बीच स्थानीय लोगों के लिए की गई इस विशेष व्यवस्था से श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है.
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन की इस पहल की जमकर सराहना की.श्रद्धालुओं का कहना है कि मेले की भीड़ के बीच प्रशासन ने स्थानीय निवासियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए सराहनीय कदम उठाया है. निःशुल्क शीघ्र दर्शन की यह सुविधा आज एक दिन के लिए लागू की गई है.





