दर्दनाक सड़क हादसा : औरंगाबाद में अनियंत्रित हाइवा पलटने से झोपड़ी में सो रही 2 सगी बहनों की मौत, घटना से सनसनी
औरंगाबाद: बड़ी खबर बिहार के औरंगाबाद से है जहां अंबा थाना क्षेत्र के गंगतुआ गांव के पास भटकुर मोड़ पर सड़क धंसने से एक हाइवा पलट गया और झोपड़ी में सो रही दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई.
बताया जा रहा है कि औरंगाबाद जिले के अंबा थाना क्षेत्र के गंगतुआ गांव के समीप भटकुर मोड़ पर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब सड़क निर्माण में लगा एक हाइवा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी झोपड़ी पर पलट गया जिससे झोपड़ी में सो रही दो मासूम सगी बहने प्रियंका उर्फ रिद्धि (6 वर्ष) और प्रीति उर्फ सिद्धि (3 वर्ष) मलबे के नीचे दब गई. इसके बाद परिजन और ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से हाइवा को हटाया गया, लेकिन तब तक दोनों बच्चियों की मौत हो चुकी थी. वहीं हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया. दोनों बच्चियां रामपुर गांव निवासी उदय यादव की बेटियां थीं. उदय यादव मेहनत-मजदूरी और खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं. उन्होंने पशुओं को रखने और खेती के काम के लिए सड़क किनारे झोपड़ी बना रखी थी, जहां दोनों बहनें सो रही थी.
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ है. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. इधर, ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और चालक व निर्माण एजेंसी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट—





