6 साल बाद भी एम्स का इंतजार, समीक्षा से आगे कब बढ़ेगी सरकार?

दरभंगा में गुरुवार को सीएम नीतीश कुमार ने प्रस्तावित एम्स निर्माण की समीक्षा की। अधिकारियों के साथ बैठक में सीएम नीतीश कुमार के साथ सरकार के कई मंत्री और दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर भी मौजूद रहे। .अधिकारियों की बात सुनने के बाद सीएम ने निर्माण कार्यों को लेकर दिशा निर्देश दिए। बैठक में सांसद गोपाल जी ठाकुर भी मौजूद रहे। बैठक में तय किया गया कि एम्स निर्माण के लिए जो 200 एकड़ की जमीन मांगी गई थी, उसमें से अब 150 एकड़ जमीन पर एम्स और 50 एकड़ जमीन पर डीएमसीएच का पुनर्गठन होगा ताकि डीएमसीएच का भी अस्तित्व बचा रहे।

मुमकिन है इस घोषणा के बाद एक बार फिर मिथिलांचल के लोगों से एम्स के लिए ताली बजवाने को कहा जाएगा। तोहफा मिलने की खुशी मनाने का माहौल बनाया जाएगा। सौगात मिलने की हेडलाइन बनेगी। लेकिन पिछले 6 सालों से एक एम्स के लिए ना जाने कितनी बार घोषणा, समीक्षा, बैठक, दिशा निर्देश की गई और हर बार ताली बजवाने टाइप का माहौल बनाने की कोशिश की गई। लेकिन सच जानेंगे तो आप भी हैरान रह जाएंगे। ताली बजाने के बजाए सवाल पूछेंगे। सवाल कि आखिर 6 सालों में एम्स के ऐलान के बाद भी एक ईंट तक क्यों नहीं रखी गई। तो जवाब के लिए पूरा मामला समझिए।

दरअसल केंद्र सरकार ने साल 2015-16 के बजट में ही दरभंगा में AIIMS की घोषणा की थी। तत्कालीन वित्त मंत्री स्वर्गीय अरुण जेटली ने बजट भाषण में बिहार में एक और AIIMS की घोषणा की थी।


दावा किया गया था कि 4 साल में ये काम पूरा कर लिया जाएगा। बताया गया था कि ये 750 बेड का अस्पताल होगा। 1200 करोड़ रुपये से ज़्यादा की लागत से बनकर तैयार होगा। ऐलान के बाद जून 2015 से 2016 के बीच केंद्र ने ज़मीन अधिग्रहण को लेकर केंद्र ने बिहार सरकार को 3 चिट्ठी भेजी। तीनों चिट्ठियों का जवाब बिहार सरकार ने नहीं दिया। अगस्त 2016 से 2018 के बीच केंद्र-राज्य में चिट्ठीबाजी होती रही। 2018 तक बिहार सरकार ने केंद्र को ज़मीन फाइनल कर नहीं दी। ऐलान के 5 साल बाद 2020 में बिहार सरकार ने ज़मीन फाइनल की। ज़मीन फाइनल होने के बाद 2020 में केंद्रीय कैबिनेट ने एम्स की मंजूरी दी। मार्च 2021 तक बिहार सरकार ने ज़मीन ट्रांसफर नहीं की थी। जिसकी जानकारी मार्च में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने दी थी। आज भी दरभंगा में एम्स की घोषणा के 6 साल बाद भी समीक्षा से ही काम चल रहा है और अब तय किया गया है कि 200 एकड़ में 150 एकड़ में एम्स बनेगा और 50 एकड़ में DMCH का विस्तार होगा। लेकिन निर्माण कब से शुरु होगा, अभी भी तय नहीं है। अगर 2021 में भी निर्माण शुरु होता है, तो भी 4 साल बाद 2025 तक निर्माण पूरा होगा। यानी 2015 में ऐलान के 10 साल बाद 2025 तक निर्माण पूरा हो सकता है, अगर निर्माण 2021 में शुरु हो जाएगा।

दरभंगा में तो रफ्तार इतनी सुस्त है, वहीं नागपुर में 2014 में AIIMS की घोषणा की गई थी, और 4 साल में वहां निर्माण कार्य पूरा हो गया। गोरखपुर में भी 2014 में घोषणा की गई और 4 साल में काम पूरा हो गया. 2018 में तेलंगाना में एम्स घोषित हुआ, आंशिक रूप से काम शुरू हो चुका है. 2017 में देवघर, राजकोट में एम्स घोषित हुआ, दोनों जगह क्लास स्टार्ट हो चुकी हैं. 2015 में विजयपुर, विलासपुर, गुवाहाटी में एम्स का ऐलान हुआ, वहां भी अब क्लासेज लग रही हैं। मतलब हर जगह काम अपनी रफ्तार से होता है, बस बिहार आते-आते रफ्तार धीमी हो जाती है।