NAWADA : नवादा में सीएसपी संचालक भोलीभाली महिलाओं को अपना निशाना बना रहे हैं। सीएसपी में पैसा निकालने आयी महिला के अंगूठा का निशान को लेकर सीएसपी संचालक उनके खाते से रुपये उड़ा ले रहे हैं।

नवादा में महिला से ठगी

ताजा मामला रजौली के धमनी गांव में स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के सीएसपी का बताया जाता है, जहां दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के सीएसपी संचालक जितेंद्र राजवंशी ने रजौली के फरका बुजुर्ग पंचायत की गंगटा गांव निवासी कमलेश यादव की पत्नी शोभा देवी के खाते से 10 हजार रुपये निकाल लिए।

CSP संचालक ने खाते से उड़ाए 10 हजार रुपये

बताया जा रहा पीड़ित महिला सीएसपी से रुपये निकालने के लिए पहुंची थी। संचालक ने उनसे अंगूठा लगवाया, इसके बाद संचालक ने खाता बंद होने की बात कही और उसे बाद में आने को कहा गया। इसके बाद महिला अपने घर लौट गई। इस बीच महिला के खाते में रहे 10 हजार रुपये गायब हो गए।

बाद में पीड़ित परिवार द्वारा सीएसपी केंद्र पर हंगामा किया गया। डायल 112 की पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम ने सीएसपी संचालक जितेंद्र राजवंशी, पीड़ित महिला और उसके पुत्र नीतीश कुमार को थाने लेकर आयी, जहां पुलिसिया पूछताछ में थाने में सीएसपी संचालक ने अपनी गलती को स्वीकार किया और महिला से ठगी किए गए 10 हज़ार रुपये लौटाने को तैयार हुआ।

हालांकि, महिला ने प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी। पुलिस द्वारा ठग सीएसपी संचालक को कड़ी चेतावनी देने के बाद छोड़ दिया गया। वहीं, पुलिस के हस्तक्षेप पर संचालक ने उसे पैसा लौटा दिया। इधर, स्थानीय लोगों द्वारा ये कहा जा रहा है कि पुलिस ने सीएसपी संचालक को कड़ी चेतावनी देकर तो थाने से छोड़ दिया, अब यह ठग किसी और को अपना निशाना बनाएगा।