GAYA :गया पुलिस ने इमामगंज थाना क्षेत्र स्थित मनोहर छोटा करासन पुल के पास से नक्सलियों के नाम पर लेवी मांगने वाले एक अपराधियों को गिरफ्तार किया है. उसके पास से एक मोबाइल भी बरामद किया गया है.
इस संबंध में एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि इमामगंज थाना को सूचना प्राप्त हुई थी कि पुल निर्माण में नक्सलियों के नाम पर लेवी की मांग की गई थी. साथ ही दहशत फैलाने के लिए अपराधियों द्वारा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसके बाद इस मामले में विशेष टीम का गठन किया था.
पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि 18 से 21 वर्ष की उम्र के 4 लोग हवाई फायरिंग कर पैदल ही वहां से निकल गए थे. इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर नक्सलियों के नाम पर लेवी वसूलने वाले लालू कुमार को इमामगंज थाना क्षेत्र के डुमरिया मोड़ से गिरफ्तार किया है.
इसके पास से पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है. इसने उक्त घटना में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है. वहीं, फायरिंग में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
