Hindi News / रिम्स रेफर,कोर्ट के आदेश पर जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची थी न्यायालय की...

चतरा में महिला ने पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग : रिम्स रेफर,कोर्ट के आदेश पर जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची थी न्यायालय की टीम

Edited By:  |
chatra mein jamin par dhakhal-kabza k dauran bawal chatra mein jamin par dhakhal-kabza k dauran bawal

चतरा: शहर में जमीन विवाद को लेकर कोर्ट के आदेश पर दखल-कब्जा कराने पहुंची न्यायालय की टीम के सामने एक महिला ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली. इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. महिला को बचाने के प्रयास में एक एएसआई भी झुलस गए. घटना में महिला रीना देवी, उनके बेटे धीरज कुमार और पुलिसकर्मी प्रवीण सिंह झुलस गए. सभी को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद रीना देवी और उनके बेटे धीरज कुमार को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया,जबकि एएसआई प्रवीण सिंह का इलाज सदर अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है.

दरअसल विवादित जमीन को लेकर रीना देवी के पक्ष और विजय अग्रवाल के बीच लंबे समय से न्यायालय में मामला चल रहा था. कोर्ट टीम के अनुसार वर्ष 1988 में विजय अग्रवाल और तारा देवी के पक्ष से न्यायालय में मुकदमा दायर किया गया था, इसके बाद वर्ष 2006 में तारा देवी द्वारा मामले को अपील में ले जाया गया, लेकिन वहां भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद न्यायालय की ओर से विजय अग्रवाल को जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने का आदेश जारी किया गया. इसी आदेश के अनुपालन में न्यायालय की टीम और पुलिस बल के सहयोग से जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने पहुंचे थे. जैसे ही टीम ने न्यायालय के आदेश के तहत जमीन पर कब्जा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की,दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया. इस दौरान करन यादव ने रीना देवी पर पेट्रोल डाल दिया और बेटे राज कसेरा ने माचिस मार दी.

इधर,इसी घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.निर्माणाधीन मकान में छिपाकर रखी गई तीन हॉकी स्टिक भी बरामद किए जाने की जानकारी है. घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. मौके पर पहुंचे डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह और एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

न्यायालय की टीम गंगाजय धर ने बताया कि कोर्ट के आदेश के अनुपालन में दखल-कब्जा की कार्रवाई की जा रही थी. टीम के अनुसार, न्यायालय के आदेश के मुताबिक जिस जमीन पर कब्जा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी,उसे कब्जामुक्त कराया गया.

एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मजिस्ट्रेट और कोर्ट टीम की मौजूदगी में दखल-कब्जा की कार्रवाई चल रही थी. इसी दौरान दूसरे पक्ष की ओर से कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया गया. एसडीपीओ के अनुसार,इसी दौरान महिला ने पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या का प्रयास किया,जिसमें पुलिसकर्मी भी झुलस गए.उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.