चास नगर निगम चुनाव : जेएमएम समर्थित मेयर प्रत्याशी उमेश ठाकुर ने चलाया जनसंपर्क अभियान, बदलाव का किया दावा
बोकारो: चास नगर का निगम चुनाव काफी रोचक होता दिख रहा है. इसे लेकर प्रचार अभियान तेज हो गया है. इसी क्रम मेंजेएमएम समर्थित मेयर प्रत्याशी उमेश ठाकुर ने वार्ड नंबर-18 के शिवपुरी कॉलोनी और बिहार कॉलोनी में जनसंपर्क अभियान चलाया और अपने पक्ष में मतदान की अपील की.
जनसंपर्क अभियान के दौरान उमेश ठाकुर ने कहा कि उन्हें जनता का अपार समर्थन मिल रहा है और लोग इस बार बदलाव के पक्ष में हैं. उन्होंने बताया कि पूर्व डिप्टी मेयर के वार्ड में भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों ने काफीशिकायतें की. वार्ड नंबर-18 के लोगों ने बताया कि बरसात के दिनों काफी परेशानी झेलनी पड़ती है. घरों में बारिश का पानी घुस जाता है. लोगों का आरोप है कि कुछ स्थानों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में नालियों की स्थिति खराब है और वार्ड-18 में जगह-जगह पर कचरे का अंबार लगा हुआ है.
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि पूर्व डिप्टी मेयर खुद मेयर पद के लिए चुनावी मैदान में हैं. जबकि, उनकी पत्नी वार्ड नंबर 18 से वार्ड पार्षद पद की प्रत्याशी हैं. उमेश ठाकुर ने कहा कि यदि वे मेयर का चुनाव हार जाते हैं और उनकी पत्नी वार्ड चुनाव जीत जाती हैं, तो उन्हें डिप्टी मेयर बनाया जा सकता है.
उमेश ठाकुर ने कहा कि जनता ने इस बार मन बना लिया है और बदलाव तय है. उन्होंने पूर्व कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कार्यों की जांच हो जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी.





