जमशेदपुर: करोड़ों रुपए की लागत से हल्दीपोखर गिरिभारती स्कूल के समीप और गंगाडीह में बने रेलवे अंडरपास पहली बारिश भी नहीं झेल पाया. वहीं दोनों रेलवे अंडरपास पर 3 से 4 फीट पानी जमा हुआ है. इसके कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है.

जमशेदपुर में हल्दीपोखर और गंगाडीह में बने रेलवे अंडरपास में जल जमाव, आवागमन प्रभावित

बता दें कि गंगाडीह रेलवे अंडरपास को भारी जल जमाव के कारण बंद कर दिया गया है. स्थानीय शंकर चंद्र गोप एवं मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने कहा कि सांसद एवं उपायुक्त से लेकर रेल डीआरएम तक को कई बार रेलवे अंडरपास की दुर्दशा को लेकर मांग पत्र सौंपा गया था. इसके बावजूद रेलवे द्वारा किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की. अब हाल ये हुआ कि पहली बारिश में ही रेलवे अंडरपास में भारी जल जमाव हो चुका है. इसके कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है. वहीं ठेकेदार द्वारा भारी लापरवाही बरती गई है. इस मामले को लेकर डीआरएम से कार्रवाई की मांग की गई है कि ठेकेदार की लापरवाही से आज लोग रेलवे अंडरपास के कारण काफी समस्याओं से जूझ रहे हैं. साथ ही गंगाडीह रेलवे अंडरपास की सड़क काफी जर्जर हो चुका है. कई जगह दरारें आ चुकी है. वहीं उन्होंने कहा कि रेलवे के कार्य को लेकर गुणवत्ता में लोगों का विश्वास होता है. मगर आज रेलवे के कार्य से लोगों का विश्वास उठता जा रहा है.

जमशेदपुर से बिनोद केसरी की रिपोर्ट--