बोकारो पुलिस का अथक प्रयास : बच्चा चोरी की अफवाह पर अनोखे अंदाज में किया जागरूक,अफवाहों से बचने की अपील
बोकारो: जिले में बच्चा चोरी की अफवाह से परेशान होकर पुलिस ने वीडियो के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का अभियान शुरू किया. इस वीडियो में अभिनय करने वाले सभी पुलिस पदाधिकारी और जवान है. मुख्य भूमिका में सार्जेंट मेजर प्रणव कुमार और उनकी बेटी शामिल है. जो पिता-पुत्री का अभिनय करते नजर आ रहे हैं.
वीडियो संदेश में बच्चा चोरी के अफवाह में भीड़ द्वारा एक दंपती को पीटते हुए दिखाई गई है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई. काला शीशा लगे वाहन से दंपती अपने बच्चे के साथ जा रहे होते हैं और भीड़ उन्हें बच्चा चोर समझकर बुरी तरह से पिटाई कर देती है. पुलिस के पहुंचने के बाद इस बात का खुलासा होता है कि पति-पत्नी अपने ही बच्चे के साथ जा रहे थे और निर्दोष दंपति को बेवजह पीट दिया गया.
एसपी हरविंदर सिंह ने इस वीडियो संदेश के माध्यम से यह बताया है कि वाहन मालिक अपने वाहन पर काला शीशा न लगाएं. बच्चा चोरी की अफवाह पर विश्वास न करें. ऐसे संदेश को इंटरनेट मीडिया पर साझा न करें. संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी जाए. कानून को अपने हाथ में किसी भी हाल में न लें. इंटरनेट मीडिया पर ऐसी भ्रामक सूचना न फैलाएं. ऐसा करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती करेगी और प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज देगी.
इस वीडियो में अभिनय करने वाले सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए एसपी के निर्देश पर जिले के पदाधिकारी और जवानों ने मिलकर इसे बनाने का काम किया है. जिस तरह से अफवाह में आकर लोगों की पिटाई कर रहे हैं, यह चिंता का विषय है और इसी को रोकने के लिए बोकारो पुलिस का एक प्रयास है.





