बोकारो में डॉक्टर्स डे पर सम्मान समारोह : उत्कृष्ट और समर्पित सेवा देने वाले 22 चिकित्सकों को किया गया सम्मानित
बोकारो: राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर मेडिकेंट हॉस्पिटल परिसर में रोटरी क्लब चास द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट और समर्पित सेवा देने वाले 22 चिकित्सकों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने चिकित्सकों को भगवान का दूसरा रूप बताते हुए उनके योगदान की सराहना की.
कार्यक्रम में आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ.यशस्विनी सहित मेडिकेंट हॉस्पिटल और अन्य संस्थानों के कुल 22 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया.
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि चिकित्सक अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण के बल पर लोगों को नया जीवन देते हैं, इसलिए उन्हें भगवान का दूसरा रूप कहा जाता है.
रोटरी क्लब चास के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि डॉक्टरों की निस्वार्थ सेवा समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.





