बोकारो के एक दुकान में लगी आग : कॉस्मेटिक दुकान जलकर राख,लगभग 7 लाख का नुकसान
बोकारो: जिले के सिटी थाना क्षेत्र स्थित राम मंदिर मार्केट में देर रात तीन बजे के लगभग भीषण आग लगने की घटना सामने आई है. अगलगी में एक कॉस्मेटिक दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गया. घटना देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है.
राम मंदिर मार्केट में स्थित मां शारदा कॉस्मेटिक दुकान में आग लगी है. आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया. दुकान के मालिक नित्यानंद को जब आग लगने की सूचना मिली तो तुरंत मौके पर पहुंचे.
दुकान मालिक नित्यानंद ने बताया किहर रोज की तरह दुकान बंद कर के घर गए थे. रात करीब 2 बजे आग लगने की सूचना मिली. आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. लगभग 6 से 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.





