BIHAR NEWS : मधेपुरा पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बोले- पीएम मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा देश
मधेपुरा:भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दो दिवसीय प्रवास पर शनिवार को मधेपुरा पहुंचे. उन्होंने स्थानीय अतिथिशाला में पत्रकारों को संबोधित करते हुए केंद्र और बिहार सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है. देश की जीडीपी7.8प्रतिशत तक पहुंचना इसका प्रमाण है.
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और छात्रों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार विकास और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दे रही है.
संजय सरावगी ने कहा कि‘सहयोग पोर्टल’के माध्यम से लोगों की समस्याओं का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान किया जा रहा है. यदि किसी अधिकारी द्वारा समस्या के समाधान के नाम पर खानापूर्ति किए जाने की शिकायत मिलती है,तो उसके लिए भी अलग व्यवस्था की गई है. मुख्यमंत्री स्वयं ऐसे मामलों की निगरानी कर रहे हैं.
ब्रिक्स सम्मेलन को बताया भारत की बड़ी उपलब्धि
ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारत में इसका आयोजन होना देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि दुनिया के प्रमुख देशों के राष्ट्राध्यक्षों का भारत पहुंचना देश के लिए बड़ी उपलब्धि और गौरव की बात है.
फरक्का संधि पर विपक्ष को घेरा
फरक्का संधि के मुद्दे पर संजय सरावगी ने विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिस समय यह संधि हुई थी,उस समय आज सवाल उठाने वाले लोग इस मुद्दे पर कुछ नहीं कर रहे थे. आज राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को उठाया जा रहा है.
बख्तियारपुर का नाम बदलने के सवाल पर बोले- नाम बदला जाना चाहिए
बख्तियारपुर का नाम बदलकर‘नीतीशपुर’किए जाने की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय सरावगी ने कहा कि“बख्तियार आक्रामक था,उनका नाम तो बदलना ही चाहिए.”उनके इस बयान के बाद यह मुद्दा भी चर्चा में आ गया है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार जनता के हित में लगातार काम कर रही है और विकास कार्यों को आगे भी गति दी जाएगी.
मधेपुरा से राजीव रंजन की रिपोर्ट--





