BIHAR NEWS : “एक शाम सुर-सम्राट रवि के नाम” कार्यक्रम में हुई विशेष म्यूजिकल क्विज
पटना: कला एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड तथा बिहार संग्रहालय के संयुक्त सहयोग से रविवार को संगीतकार रवि की जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में“एक शाम सुर-सम्राट रवि के नाम”कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दूसरे दिन विशेष म्यूजिकल क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया.
इस प्रतियोगिता में महान संगीतकार रवि के जीवन,उनके संगीत सफर तथा उनके कालजयी गीतों से जुड़े दृश्य और तथ्यों पर आधारित प्रश्न पूछे गए. प्रतियोगिता में चार समूह,टीम ए,टीम बी,टीम सी और टीम डी ने भाग लिया.
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम बी विजेता रही. इस अवसर पर वर्तमान रेरा के अध्यक्ष सह सदस्य विवेक कुमार सिंह ने अपने संगीत संबंधी गहन ज्ञान से सभी को चकित कर दिया.
विजेता टीम को पुरस्कार स्वरूप देश के प्रख्यात इतिहासकार एवं लेखक मानेक प्रेमचंद ने महान संगीतकार रवि के जीवन पर आधारित अपनी पुस्तक“सोल्फुली योर्स”भेंट की.
कार्यक्रम का संचालन मुंबई से आए देश के प्रसिद्ध प्लास्टिक सर्जन एवं गायक डॉ. मुकुंद जगन्नाथन ने किया. इस अवसर पर मुंबई से आए प्रोफेसर सह ऑडियो-वीडियो कंसल्टेंट कमल मल्होत्रा, रेरा अध्यक्ष सह सदस्य विवेक कुमार सिंह, सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की निदेशक रूबी, बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के फिल्म सलाहकार अरविंद रंजन दास, विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में श्रोता एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे.





