BIHAR NEWS : हाजीपुर सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की मिली धमकी, कोर्ट की बढ़ाई गई सुरक्षा
वैशाली:पूर्णिया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अब हाजीपुर व्यवहार न्यायालय को भी एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इसके बाद प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई है. आनन फानन में एसपी विक्रम सिहाग के निर्देश पर सदर एसडीपीओ दलबल के साथ कोर्ट पहुंचे और पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया जा रहा है.
वहीं मुजफ्फरपुर से बम निरोधक दस्ता को भी बुलाया जा रहा है. अफरा तफरी के बीच एसडीपीओ सदर सुबोध कुमार ने बताया कि न्यायालय के ईमेल पर अज्ञात ईमेल से मेल आया है जिसमें कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. वहीं एहतियात के तौर पर कोर्ट में इंट्री बंद कर दी गई है और किसी को भी कोर्ट में प्रवेश की अनुमति नहीं है.
पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया जा रहा है. कोर्ट के अंदर से अधिवक्ताओं के साथ साथ आम लोगों और दुकानदारों को भी कोर्ट परिसर से बाहर किया जा रहा है ताकि अच्छे से बम निरोधक दस्ता द्वारा जांच की जा सके. वहीं कोर्ट परिसर के साथ साथ आस पास के क्षेत्र की भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और आस पास स्थित सभी सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ साथ लोगों की आवाजाही पर पूर्णतः रोक लगाया गया है. बहरहाल इस खबर के सामने आने के बाद से पुलिस प्रशासन चौकन्ना है और सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
वैशाली से ऋषभ कुमार की रिपोर्ट--





