BIHAR NEWS : गोपालगंज में टेंडर माफियाओं पर पुलिस सख्त, रंगदारी-धमकी देने वालों पर होगी कड़ी से कड़ी कार्रवाई
गोपालगंज: जिले में सरकारी टेंडर प्रक्रिया को लेकर पुलिस प्रशासन ने बड़ा और सख्त संदेश जारी किया है. अब टेंडर में रंगदारी,धमकी,दबाव और अवैध हस्तक्षेप करने वालों की खैर नहीं होगी. गोपालगंज एसपी ने साफ तौर पर कहा है कि जिला पुलिस टेंडर प्रक्रिया को पूरी तरह भयमुक्त,पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.
दरअसल,पुलिस को लगातार विभिन्न स्रोतों से ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि कुछ असामाजिक और उपद्रवी तत्व सरकारी निविदा यानी टेंडर प्रक्रिया में शामिल लाइसेंसधारी संवेदकों और ठेकेदारों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं. कुछ मामलों में दबाव बनाकर टेंडर प्रक्रिया से अलग कराने और अपने चहेते लोगों को अनुचित लाभ दिलाने की कोशिश की शिकायत भी सामने आई थी.
इसी को लेकर गोपालगंज पुलिस ने सभी लाइसेंसधारी संवेदकों,ठेकेदारों और संबंधित व्यक्तियों के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किया है. पुलिस ने कहा है कि बिहार सरकार द्वारा जारी किसी भी सरकारी टेंडर में सभी योग्य और लाइसेंसधारी संवेदक नियमों के तहत स्वतंत्र रूप से अपनी बोली लगा सकते हैं और किसी को भी उन्हें रोकने या डराने का अधिकार नहीं है.
एसपी विनय तिवारी ने दो टूक कहा है कि अगर कोई व्यक्ति टेंडर में भाग लेने वाले संवेदकों को धमकाता है,रंगदारी मांगता है,दबाव बनाता है या पैसे का लालच देकर प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करता है,तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस प्रशासन ने यह भी भरोसा दिलाया है कि शिकायत करने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. यानी अगर कोई संवेदक या संबंधित व्यक्ति डर,दबाव या अवैध हस्तक्षेप का सामना कर रहा है,तो वह बिना किसी भय के सीधे पुलिस को सूचना दे सकता है.
गोपालगंज पुलिस ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है. अगर किसी को टेंडर प्रक्रिया में धमकी,रंगदारी या अवैध हस्तक्षेप की जानकारी मिलती है,तो वह तुरंत गोपालगंज पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9031827299 या फिर अपने नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज करा सकता है.
पुलिस ने सभी संवेदकों और संबंधित लोगों से अपील की है कि वे निष्पक्ष और स्वतंत्र माहौल में टेंडर प्रक्रिया में भाग लें और किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें.
फिलहाल,गोपालगंज पुलिस के इस सख्त संदेश के बाद टेंडर माफियाओं और अवैध दबाव बनाने वाले तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है.
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट--





