Hindi News / जानकी नवमी पर पुनौराधाम में सीतामढ़ी महोत्सव शुरू, मेडिकल कॉलेज नामकरण, नया शहर...

BIHAR NEWS : जानकी नवमी पर पुनौराधाम में सीतामढ़ी महोत्सव शुरू, मेडिकल कॉलेज नामकरण, नया शहर और निवेश के बड़े ऐलान

Edited By:  |
bihar news bihar news

सीतामढ़ी:बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जानकी नवमी के पावन अवसर पर शनिवार को सीतामढ़ी जिले के पुनौराधाम में‘सीतामढ़ी महोत्सव-2026’का दीप प्रज्वलित कर भव्य शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने मां सीता की जन्मस्थली के समग्र विकास,स्वास्थ्य,पर्यटन और निवेश से जुड़े कई बड़े ऐलान किए.

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सीतामढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का नाम‘मां सीता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल’होगा. साथ ही,जिले में‘सीतापुरम’नाम से एक नए आधुनिक शहर को बसाने की योजना को सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में मंजूरी दे दी गई है. उन्होंने कहा कि मां जानकी से जुड़े सभी स्थलों को पुनौराधाम से जोड़ा जाएगा,ताकि श्रद्धालु यहां ठहरकर धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन का अनुभव कर सकें.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए यह गौरव का क्षण है कि मां सीता के आशीर्वाद से वे मुख्यमंत्री बनकर उनकी जन्मस्थली पहुंचे हैं. उन्होंने बताया कि पुनौराधाम के विकास कार्यों की समीक्षा की गई है और अब लक्ष्य जून 2029 से घटाकर 31 दिसंबर 2028 तक सभी परियोजनाएं पूरी करने का रखा गया है.

उन्होंने बिहार में बड़े पैमाने पर निवेश का भी ऐलान करते हुए कहा कि अगले एक वर्ष में राज्य में 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश होगा,जिससे उद्योगों का विस्तार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. पीरपैंती और नवीनगर थर्मल पावर परियोजनाओं में पहले ही 1.36 लाख करोड़ रुपये का निवेश शुरू हो चुका है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के संकल्प को आगे बढ़ाया जाएगा. उन्होंने विश्वास जताया कि मां जानकी के आशीर्वाद से बिहार तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है.

इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि,मंत्री,विधायक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे. सांसद देवेश चंद्र ठाकुर और विधायक सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया.

संजय कुमार की रिपोर्ट--