समस्तीपुर : केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर सोमवार को समस्तीपुर प्रखंड के केवस निजामत पहुंचे. उन्होंने स्व. डॉक्टर फूल हसन उर्फ टुन्नी साहब के आवास पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और अपनी शोक संवेदना व्यक्त की. इस दौरान उन्होंने डॉ. फूल हसन की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की.

रामनाथ ठाकुर ने कहा कि डॉक्टर फूल हसन ने पूरी जिंदगी लोगों की सेवा में समर्पित कर दी. वे बिना किसी स्वार्थ और परवाह के हमेशा जरूरतमंद लोगों की मदद करते रहे. उनके निधन से समाज को बहुत बड़ी क्षति हुई है.
उन्होंने कहा कि डॉ. फूल हसन एक बेहद जानकार और बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे. उन्हें विभिन्न विषयों की अच्छी जानकारी थी. शायरी के साथ-साथ महाभारत, रामायण, संस्कृत, कुरान, अरबी,फारसी, उर्दू आदि का भी उन्हें गहरा ज्ञान था. उनका मिलनसार और सेवाभावी व्यक्तित्व हमेशा लोगों को याद रहेगा.

