BIHAR NEWS: पश्चिम चंपारण जिले में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री बुधवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। हेलीकॉप्टर से पश्चिम चंपारण के बैरिया प्रखंड स्थित बथना जाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित इलाकों का एरियल सर्वे भी करेंगे।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पीएम श्री राजकीय कृत +2 उच्च विद्यालय, बथना परिसर में नवनिर्मित हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वे सड़क मार्ग से मछरगांवा होते हुए बनकटवा पहुंचेंगे। बनकटवा से एसडीआरएफ की नाव के जरिए शिवराजपुर और आस पास के अन्य प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान बाढ़ से उत्पन्न स्थिति, जलभराव और राहत कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया जाएगा।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से वापस बथना पहुंचेंगे। यहां पीएम श्री राजकीय कृत +2 उच्च विद्यालय परिसर में संचालित बाढ़ आश्रय केंद्र का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर राहत व्यवस्था की जानकारी भी लेंगे। साथ ही प्रभावित लोगों के बीच बाढ़ सहायता सामग्री का वितरण करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान राहत और बचाव कार्यों की स्थिति की समीक्षा भी की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से स्टेट हैंगर, पटना लौटेंगे और दोपहर बाद मंत्रिपरिषद की बैठक में शामिल होंगे।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट

