पटना: बिहार में सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के सेवाकालीन प्रशिक्षण को लेकर राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने सख्त रुख अपनाया है. SCERT ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को निर्देश जारी कर ई-शिक्षाकोष के माध्यम से टैग किए गए शिक्षकों की प्रशिक्षण में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा है.यह निर्देश SCERT निदेशक यतेंद्र कुमार पाल की ओर से 13 अगस्त 2026 को जारी किया गया है.

पत्र में कहा गया है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों के सतत व्यावसायिक विकास के लिए ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से सेवाकालीन प्रशिक्षण कराया जा रहा है. वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए टैग किया जा रहा है. इसके बावजूद कई शिक्षक प्रशिक्षण में अपेक्षित संख्या में शामिल नहीं हो रहे हैं. SCERT ने इसे गंभीर चिंता का विषय बताया है.

विभाग ने कहा है कि पहले भी प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के संबंध में कार्रवाई की जानकारी मांगी गई थी, लेकिन कई स्तरों से अब तक कोई सूचना या कार्रवाई प्रतिवेदन उपलब्ध नहीं कराया गया. इसे प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रति उदासीनता और लापरवाही माना गया है.

SCERT ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी अधीनस्थ शिक्षकों की प्रशिक्षण में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए. किसी शिक्षक के अपरिहार्य कारण से प्रशिक्षण में शामिल होने में असमर्थ होने पर सक्षम अधिकारी से पूर्वानुमति लेना अनिवार्य होगा. बिना पूर्वानुमति प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है. साथ ही की गई कार्रवाई से उच्चाधिकारियों को तत्काल अवगत कराने का निर्देश दिया गया है.

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट