BIHAR NEWS : अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी का भागलपुर दौरा, योजनाओं की समीक्षा और कार्यों में तेजी के निर्देश

Edited By:  |
bihar news bihar news

BHAGALPUR : पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग बिहार सरकार की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने भागलपुर का दौरा किया और समीक्षा भवन में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में भागलपुर प्रक्षेत्र के पशुपालन एवं गव्य विकास पदाधिकारी, तथा मुंगेर प्रक्षेत्र के मत्स्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। डॉ. विजयलक्ष्मी ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पशुपालन और मत्स्य से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं जिनका लाभ तभी आम जनता तक पहुंचेगा जब उन्हें सही जानकारी और मार्गदर्शन मिले इसके लिए अधिकारियों को जमीनी स्तर पर जागरूकता फैलाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

अपर मुख्य सचिव ने सुधा डेयरी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर का भ्रमण किया यहां उन्होंने पशुपालन एवं मत्स्य क्षेत्र में उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि तकनीकी सहयोग और आधुनिक प्रशिक्षण के माध्यम से इन क्षेत्रों में बड़े स्तर पर सुधार किया जा सकता है।

डॉ. विजयलक्ष्मी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता और गति के साथ हो ताकि प्रदेश के पशुपालक और मत्स्य पालक लाभान्वित हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग की योजनाओं की जानकारी प्रत्येक गाँव और पंचायत तक पहुंचे, इसके लिए प्रचार-प्रसार पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। इस दौरे के दौरान भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद थे।