बोकारो में छापेमारी : अवैध और एक्सपायरी शराब बरामद, उत्पाद विभाग ने लिया कब्जे में
बोकारो: जिले में अवैध और एक्सपायरी शराब के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में प्रशासन ने चास प्रखंड के कुर्रा क्षेत्र स्थित एक शराब दुकान में छापेमारी कर 556 एक्सपायरी बियर बरामद की है. प्रशासन ने सभी बियर जब्त कर ली है और मामले में उत्पाद विभाग द्वारा कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्पष्ट कहा है कि एक्सपायरी अथवा अवैध शराब के भंडारण और बिक्री के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
चास प्रखंड के कुर्रा क्षेत्र स्थित एक शराब दुकान में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई. छापेमारी दल में कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी सहित अन्य अधिकारी शामिल थे. जांच के दौरान दुकान से 556 एक्सपायरी बियर बरामद हुई,जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया.
मामले की जानकारी मिलते ही उत्पाद विभाग को सूचित किया गया,जिसके बाद विभाग ने जब्त बियर को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि एक्सपायरी बियर का भंडारण और बिक्री किस स्तर पर की जा रही थी.





