BIHAR NEWS:सभी विश्वविद्यालयों के स्नातक पाठ्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI को शामिल करने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य के 483 अंगीभूत कॉलेजों में आने वाले समय में छात्रों को AI और आधुनिक तकनीक से जुड़े विषय पढ़ाए जाएंगे।

इसको लेकर राज्यपाल एवं कुलाधिपति सैयद अता हसनैन ने पाठ्यक्रम का प्रारूप तैयार करने के लिए विशेषज्ञों की कमेटी बनाने का निर्देश दिया है। विशेषज्ञ देश के प्रमुख प्रोफेशनल विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम का अध्ययन कर बिहार के लिए AI आधारित सिलेबस तैयार करेंगे।

प्रस्तावित पाठ्यक्रम में AI एंड डेटा साइंस, रोबोटिक्स एंड IoT, BSc-AI और BCA-AI जैसे विषय शामिल किए जाने की तैयारी है। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग से जुड़े डिग्री पाठ्यक्रम भी विश्वविद्यालयों में लागू किए जाएंगे।

स्नातक स्तर पर BTech, BCA और BSc के साथ स्नातकोत्तर स्तर पर MTech के पाठ्यक्रम में भी AI पर विशेष फोकस किया जाएगा। छात्रों को क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा माइनिंग, बिग डेटा एनालिटिक्स, इंटेलिजेंट रोबोटिक्स, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग, डीप लर्निंग और न्यूरल नेटवर्क जैसे विषय पढ़ाए जाने की योजना है।

पाठ्यक्रम में भविष्य की जरूरतों के मुताबिक नए विषय भी जोड़े जाएंगे। इसका उद्देश्य छात्रों को आधुनिक तकनीकी क्षेत्र और रोजगार की बदलती जरूरतों के लिए तैयार करना है।

राज्य में AI आधारित उच्च शिक्षा लागू होने के बाद कॉलेजों में पढ़ाई का स्वरूप बदलने की संभावना है। हालांकि अंतिम पाठ्यक्रम विशेषज्ञ कमेटी की सिफारिश और संबंधित स्तर पर प्रक्रिया पूरी होने के बाद तय किया जाएगा।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट