Hindi News / धनबाद में सर्पदंश से भाई-बहन की मौत, गांव में पसरा मातम

BIG NEWS : धनबाद में सर्पदंश से भाई-बहन की मौत, गांव में पसरा मातम

Edited By:  |
big news big news

धनबाद : बड़ी खबर धनबाद से है जहां पूर्वी टुंडी के कोरैया गांव में सांप काटने के कारण सगे भाई-बहन की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

बताया जा रहा है कि पूर्वी टुंडी अंचल के कोरैया गांव में दिहाड़ी मजदूर श्यामलाल सोरेन के दोनों मासूम बच्चे—6 वर्षीय बेटी महिमा और 3 वर्षीय बेटा रितेश रात में एक साथ सोए थे. लेकिन सोते समय ही किसी जहरीले सांप ने दोनों को डंस लिया. रात के अंधेरे में परिजनों को इस बात की भनक तक नहीं लगी. लेकिन सुबह जब दोनों बच्चों के मुंह से अचानक झाग निकलने लगा,तब जाकर मां के होश उड़े. आनन-फानन में बदहवास परिजन दोनों को लेकर धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों मासूम भाई-बहन को मृत घोषित कर दिया.

"बच्चों का पिता श्यामलाल सोरेन घर से दूर तमिलनाडु में मजदूरी करता है. सुदूर राज्य में बैठे पिता को जब फोन पर इसकी खबर मिली,तो उनका संसार ही उजड़ गया. दूरभाष पर पिता से बातचीत होने के बाद,स्थानीय प्रशासन की देखरेख में पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. इस भीषण हादसे से स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में गहरा शोक है. हर आंख नम है और हर कोई इस पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहा है.

धनबाद से नित्यानंद मंडल की रिपोर्ट-