सहरसा: बड़ी खबरसहरसा से है जहां बनमा थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में रविवार को घरेलू विवाद में आहत महिला ने अपने पांच बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई. घटना के बाद सभी को अस्पताल भेजा गया जहां इलाज जारी है.

सहरसा में घरेलू विवाद में महिला ने 5 बच्चों संग खाया जहर, अस्पताल में भर्ती

जानकारी के अनुसार बनमा थाना क्षेत्र के मोहनपुर निवासी सोनी देवी का अपनी सास के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से और तनाव में आकर सोनी देवी ने अपने पांचों बच्चों—प्रीति, लखन, रचना, सपना और राम कुमार के साथ जहर खा लिया. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को इसकी सूचना दी. वहीं आनन-फानन में सभी को सहरसा के एक निजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है.

सहरसा में घरेलू विवाद में महिला ने 5 बच्चों संग खाया जहर, अस्पताल में भर्ती

पीड़ित बच्चों की उम्र 5 से 14 वर्ष के बीच बताई जा रही है. चिकित्सकों के अनुसार सोनी देवी और उनकी तीन बेटियों को होश आ गया है. हालांकि, पांच वर्षीय राम कुमार और सात वर्षीय लखन कुमार की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है. दोनों बच्चों को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है.

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस पारिवारिक विवाद के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है.

वहीं इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक कलह के गंभीर परिणामों को उजागर कर दिया है. स्थानीय लोग बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.

सहरसासे शशि मिश्रा की रिपोर्ट--