BIG BREAKING : भागलपुर में कोसी नदी में नहाने गए 3 बच्चों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

Edited By:  |
big breaking big breaking

भागलपुर: इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के भागलपुर से है जहां कोसी नदी किनारे के इलाके से नहाने के दौरान 3 बच्चों की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर पहुंची गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों शव को नदी से बाहर निकाला. वहीं सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.

बताया जा रहा है कि गांव के छह दोस्त एक साथ कोसी नदी में नहाने के लिए गए थे. नहाने के दौरान अचानक तीनों बच्चों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए. जब तक अन्य साथी कुछ समझ पाते तब तक तीनों बच्चे नदी की तेज धारा में डूब गए.

मृतकों की पहचान लक्ष्मण कुमार,युवराज और नयन के रूप में हुई है. तीनों हरिओ गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

घटना के बाद साथ गए तीन अन्य दोस्तों ने गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद तीनों शव नदी से बाहर निकाला गया. फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

भागलपुर से डबलू कुमार की रिपोर्ट--