देवघर : इस वर्ष झारखंड में विधानसभा चुनाव होना है. सत्ता परिवर्तन करने के लिए भाजपा ने कमर कस लिया है. भाजपा आम जनों के सुझाव को अपने घोषणा पत्र में शामिल करेगा. इसको लेकर भाजपा विधायक दल के नेता अमर बाउरी देवघर पहुंचे. स्थानीय निजी होटल के सभागार में पार्टी कार्यकर्ता, नेता और विभिन्न समाज के विभिन्न वर्ग और आयु के लोगों के साथ बैठक कर उनसे सुझाव मांगा.

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर लोगों के साथ की बैठक, मांगा सुझाव

अमर बाउरी ने बताया कि आमजन पत्र के माध्यम से या कोड के जरिए या फिर व्हाट्सएप के माध्यम से अपना सुझाव दे सकते हैं. सभी का सुझाव एकत्रित करके भाजपा विधानसभा चुनाव में अपना घोषणा पत्र तैयार करेगी और सरकार बनते ही इस धरातल पर उतरने की प्राथमिकता रखेगी. अमर बाउरी ने कहा कि राज्य सरकार के सनकीपन के कारण उत्पाद सिपाही भर्ती में अभ्यर्थियों की मौत हो रही है. उन्होंने राज्य सरकार से प्रत्येक मृतक के परिजन को एक-एक सरकारी नौकरी और 50-50 लाख रुपए देने की मांग की है. अमर बाउरी ने बताया कि अगर सरकार नहीं देगी तो भाजपा की सरकार बनते ही पीड़ित परिवारों को नौकरी और पैसा देने का पहले काम करेगी. विधायक दल के नेता के अलावा इस बैठक में स्थानीय विधायक नारायण दास, पूर्व मंत्री, जिला अध्यक्ष सहित पार्टी के विभिन्न मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे.