भागलपुर में बड़ा हादसा : सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस रिसाव से 3 मजदूरों की दम घुटने से मौत
भागलपुर: बड़ी खबर बिहार के भागलपुर से है जहां जिले के नवगछिया अनुमंडल के कदवा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. खैरपुर कदवा (पूर्व टोला) में सेप्टिक टैंक की शटरिंग हटाने के दौरान जहरीली गैस के रिसाव से 3 मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई. घटना से पूरे इलाके में सनसनी है.
दरअसल घटना तब हुई जब मजदूर टैंक के अंदर उतरे थे. अंदर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से वे बेहोश हो गए. ग्रामीणों ने तुरंत दीवार तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान बम-बम मंडल, जय नंदन मंडल और ललटू के रूप में हुई है, जो सभी स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं.
इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है. वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है. गौरतलब है कि इस क्षेत्र में पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, जिससे सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं.
संजय कुमार की रिपोर्ट--





