NAWADA :अगर आप कुंवारे हैं और आपके पास शादी के लिए कोई कॉल या ऑफर आए तो जरा सावधान हो जाएं। दरअसल, नवादा में साइबर ठग गैंग एक्टिव है। ये साइबर गैंग फर्जी वेबसाइट बनाकर शादी का ऑफर देकर लोगों से ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

पुलिस ने साइबर ठगी मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना पर रोह थाना क्षेत्र के कुंजैला गांव में छापेमारी कर एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर साइबर ठग फर्जी वशीकरण बाबा नामक वेबसाइट बनाकर देश के विभिन्न प्रांत के लोगों को शादी करवाने का ऑफर देकर रुपये की ठगी कर रहा था।

पुलिस ने छापेमारी के क्रम में आरोपी के पास से साइबर ठगी में प्रयुक्त 2 एंड्रॉयड मोबाइल और 4 फर्जी सिम कार्ड को बरामद किया है। पुलिस के हत्थे चढ़ा साइबर ठग रोह थाना क्षेत्र के कुंजैला गांव के निवासी संजय प्रसाद का पुत्र रघुनंदन कुमार बताया जाता है।

रोह थाना के थानाध्यक्ष वसंत कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार साइबर ठग लोगों को शादी करवाने का ऑफर, आकर्षक स्कीम आदि के लालच में फंसाकर पूरा बैक अकाउंट खाली कर देते थे। थानाध्यक्ष वसंत राय ने बताया कि साइबर अपराध मामले में रोह थाना में दर्ज कांड 177/24 में भी रघुनंदन कुमार नामजद अभियुक्त भी है।