Hindi News / सरायकेला पुलिस ने जेल से छूटे कुख्यात अपराधी छोटू राम समेत 8 अपराधियों...

बड़ी सफलता : सरायकेला पुलिस ने जेल से छूटे कुख्यात अपराधी छोटू राम समेत 8 अपराधियों को हथियार के साथ दबोचा

Edited By:  |
badi safalta badi safalta

सरायकेला : बड़ी खबर सरायकेला से है जहां पुलिस ने जिले में ट्रिपल मर्डर केस में जेल से छूटे कुख्यात अपराधी छोटू राम और उसके गिरोह के 8 अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया है.

बताया जा रहा है कि वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना मिली थी कि छोटू राम अपने गुर्गों के साथ आदित्यपुर, धीराजगंज इलाके में एक गंभीर अपराध को अंजाम देने की योजना बना रहा है. इस सूचना के आधार पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने छापेमारी कर छोटू राम, गोलू गुप्ता सहित 8 अपराधियों को पकड़ा है. गिरफ्तारी के दौरान अपराधियों की निशानदेही पर 02 लोडेड पिस्टल (7.65 एमएम), 03 जिंदा कारतूस (7.65 एमएम), 01 देशी कट्टा, 01 स्कॉर्पियो क्लासिक एस-11 कार (काले रंग की), 01 बुलेट मोटरसाइकिल, 07 मोबाइल फोन बरामद की गई है. गिरफ्तार अपराधियों में आदित्यपुर गुमटी बस्ती निवासी गोलू गुप्ता (23 वर्ष), आदित्यपुर ब्राह्मण टोला का रहनेवाला रवि राम उर्फ छोटू राम (38 वर्ष), आदित्यपुर इमली चौक निवासी सुमित गोप (19 वर्ष), चांडिल के हुमीद गांव निवासी अंगद प्रमाणिक (25 वर्ष), आदित्यपुर पीएचडी कॉलोनी का रोहित महतो (21 वर्ष), गम्हरिया घाना क्षेत्र के बासूरदा का सूरज महतो (28 वर्ष), आरआईटी थाना क्षेत्र के रायडीह बस्ती का अनिश कुमार शर्मा (26 वर्ष) तथा आदित्यपुर गुमटी बस्ती का राजू कुमार वर्मा (22 वर्ष) शामिल है. गिरफ्तार अपराधियों पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं जिनमें हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश के मामले शामिल हैं. रवि राम उर्फ छोटू राम पर हत्या और अवैध हथियार रखने के कई मामले दर्ज है. ट्रिपल मर्डर केस में जेल जा चुका है. गोलू गुप्ता पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है. अंगद प्रमाणिक पर हत्या और मारपीट के मामले दर्ज हैं. सूरज महतो हत्या का आरोपी है. इस पर आदित्यपुर थाना केस सं. 28/2022 दर्ज है तथा राजू कुमार वर्मा पर हत्या के प्रयास, हथियार रखने और साजिश के मामले दर्ज हैं. गिरफ्तार सभी अपराधियों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर कड़ा शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा.