सरायकेला-खरसावां: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आयडा खाऊ गली में दुर्गा पूजा के दौरान चाउमीन और चिकन चिली के ऑर्डर को लेकर हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया। महज150 रुपये के खाने के ऑर्डर में देरी को लेकर शुरू हुई कहासुनी में मानगो निवासी लाइटिंग मिस्त्री शिखर तिर्की की जान चली गई। मामले में आदित्यपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ही परिवार के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किए जाने का आरोपित चाकू और तवा भी जब्त किया है। जब्त सामान को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
150रुपये के ऑर्डर में देरी से शुरू हुआ विवाद
शिकायतकर्ता सागर झा के लिखित आवेदन के अनुसार, घटना मंगलवार देर रात करीब12:30 बजे की है। वह अपने दोस्तों के साथ आयडा खाऊ गली स्थित एक दुकान पर हाफ चाउमीन और चिकन चिली लेने पहुंचे थे। ऑर्डर के लिए150 रुपये का भुगतान किया गया था, लेकिन खाना मिलने में देरी होने लगी।
इसी बात को लेकर दुकानदार और ग्राहकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज तक पहुंच गई। बताया गया है कि दुकानदार ने पैसे वापस भी कर दिए थे, लेकिन इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ और मामला हिंसक हो गया।
चाकू से हमले में शिखर तिर्की की मौत
आरोप है कि विवाद के दौरान सालडीह बस्ती के हरी मंदिर, डी रोड निवासी दुकानदार परिवार के सदस्यों ने हमला कर दिया। इसी दौरान दुकानदार के बेटे ऋषभ बरुवा पर चाकू से हमला करने का आरोप है।
इस घटना में मानगो निवासी लाइटिंग मिस्त्री शिखर तिर्की गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे सागर झा, सन्नी और अरुण पांडे भी घायल हो गए। घायलों का इलाज टीएमएच अस्पताल में चल रहा है।
मुख्य आरोपी समेत परिवार के पांच सदस्य गिरफ्तार
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के अनुसार, सागर झा की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई की। इस मामले में मुख्य आरोपी ऋषभ बरुवा के अलावा उसके भाई मोहित बरुवा, पिता मोहन बरुवा, मां ऋषिका बरुवा और बहन मुक्ति बरुवा को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से खून लगा चाकू और तवा जब्त किया है। जब्त सामान को फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) में जांच के लिए भेजा गया है, ताकि मामले से जुड़े साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच की जा सके।
मामूली विवाद ने उजाड़ दिया एक परिवार
दुर्गा पूजा के दौरान हुई इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। खाने के ऑर्डर में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत और कई लोगों के घायल होने का कारण बन गया। पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाकर आगे की जांच कर रही है। फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सरायकेला से विजय की रिपोर्ट

