अवैध शराब तस्करी : बोकारो पुलिस ने वाहन जांच के दौरान पकड़ा अवैध शराब से लदा वाहन,आरोपी गिरफ्तार
बोकारो:बोकारो पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अवैध शराब से लदा पिकअप वाहन जब्त कर लिया. इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है.
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है. चास अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. जिसके बादमिर्धा चेकनाका के पास सघन वाहन जांच के दौरान पिंड्राजोरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वाहन को रोकने का इशारा किया गया. तभी वाहन चालक ने गाड़ी को सड़क पर खड़ा कर भागने लगा. पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को भागने के क्रम में पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान वाहन से 145 पेटी अवैध शराब बरामद की गई. प्रत्येक पेटी में 750 एमएल की 12 बोतल थीं. बोतलों पर For Sale in Haryana Only का स्टीकर लगा हुआ था. जिससे स्पष्ट है कि शराब हरियाणा से लाकर अवैध रूप से यहां खपाने की तैयारी थी.
फिलहाल पुलिस ने वाहन और शराब जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.





