पटना: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस और बैंक प्रबंधन के बीच मंगलवार को हुई बातचीत विफल होने के बाद 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का रास्ता साफ होता दिख रहा है। वार्ता के दौरान केंद्रीय मुख्य श्रमायुक्त के समक्ष यूनियन प्रतिनिधियों, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन, बैंक प्रबंधन और वित्त मंत्रालय के प्रतिनिधियों के बीच लंबी बातचीत हुई,लेकिन मांगों पर सहमति नहीं बन सकी।

बैंक हड़ताल का असर बिहार में भी व्यापक रहने की आशंका है। राज्य की करीब 7000 बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित हो सकता है। खास बात यह है कि 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार का साप्ताहिक अवकाश है। ऐसे में 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक नियमित बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने की स्थिति बन सकती है।

ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरेश विक्रमादित्य ने बताया कि हड़ताल की सफलता को लेकर बुधवार को गर्दनीबाग में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की धरना-प्रदर्शन की तैयारी है।

वहीं,ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डीएन त्रिवेदी ने ग्राहकों से अपील की है कि 28 से 30 सितंबर की हड़ताल से पहले 25 सितंबर तक जरूरी बैंकिंग लेन-देन निपटा लें। हड़ताल के दौरान एटीएम, ग्राहक सेवा केंद्र, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और अन्य डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का उपयोग किया जा सकता है।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट