जमशेदपुर:बिष्टुपुर सर्किट हॉउस एरिया में आयकर विभाग की टीम छापेमारी करने पहुंची. बंगला नंबर- 35 में आईटी की टीम जांच पड़ताल कर रही है. बाबा राइस मिल ग्रुप से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग का रांची से लेकर बिहार के कई ठिकानों पर छापेमारी जारी है. बाबा राइस मिल के कारोबारियों पर आय से अधिक संपत्ति और आय को छुपाने का आरोप है.मामला टैक्स चोरी से जुड़ा हुआ है.

एक दर्जन से अधिक स्थानों पर दबिश

झारखंड के कई जिलों में एक साथ छापेमारी चल रही है. यह छापेमारी आयकर विभाग के अनुसंधान शाखा ने की है. बाबा राइस मिल समूह से जुड़े लोगों के यहां यह छापेमारी अहले सुबह से चल रही. करीब एक दर्जन से अधिक स्थानों पर छापेमारी जारी है. जमशेदपुर के जुगसलाई नया बाजार निवासी कारोबारी संजय अग्रवाल के सीएच एरिया स्थित आवास पर आईटी की टीम ने दबिश दी है.

झारखंड-बिहार में छापा

जमशेदपुर के अलावा हजारीबाग और बिहार के भी कुछ जिलों में छापेमारी की जा रही है. संजीव अग्रवाल से जुड़े सभी लोगों के आवास, कार्यालय और अन्य ठिकानों को खंगाला जा रहा है. बिहार के औरंगाबाद में भी यह छापेमारी जारी है.