Bihar Crime
युवक की हत्या के बाद बवाल, दो गांवों में तनाव, कई घरों में आग लगाने का आरोप
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक युवक की हत्या के बाद दो गांवों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। शनिवार शाम बाइक से जाने के दौरान साइड लेने को लेकर हुए विवाद में मारपीट हुई,जिसमें महमदपुर खाजे निवासी नवनीत की मौत हो गई। घटना के बाद महमदपुर खाजे और प्रतापपुर गांव के लोगों के बीच तनाव बढ़ गया। आरोप है कि आक्रोशित लोगों ने दूसरे पक्ष के कई घरों में आग लगा दी। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर कैंप कर रही है। पुलिस के अनुसार,हत्या के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
साइड लेने के विवाद में मारपीट,युवक की मौत
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम बाइक से आने-जाने के दौरान साइड लेने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। इस घटना में महमदपुर खाजे निवासी नवनीत की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश बढ़ गया। इसके बाद महमदपुर खाजे और प्रतापपुर गांव के दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
हत्या के बाद कई घरों में आग लगाने का आरोप
युवक की मौत के बाद भड़के आक्रोश के बीच आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने आरोपी पक्ष के कई घरों में आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, आगजनी में कितने घर प्रभावित हुए और कितने लोगों को नुकसान पहुंचा, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। तनाव को देखते हुए ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी, एसडीपीओ सरैया और एसडीएम समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे। दोनों गांवों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रख रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
हत्या के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है। हत्या की घटना में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की प्राथमिकता इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखना और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच करना है।
दोनों गांवों में पुलिस की निगरानी
युवक की हत्या के बाद उत्पन्न तनाव को देखते हुए पुलिस दोनों गांवों में कैंप कर रही है। प्रशासन की ओर से हालात पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
मुजफ्फरपुर से रवि रंजन कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।