BIHAR NEWS
वियतनाम से आए बोधगया के श्रद्धालुओं की अनूठी पहल, महादलित टोलों में लगाए गए 34 चापाकल, 1000 से अधिक ग्रामीणों को मिलेगा शुद्ध पेयजल
बोधगया : अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बोधगया में धार्मिक आस्था के साथ-साथ मानव सेवा की एक सराहनीय पहल देखने को मिली है. वियतनाम और अमेरिका से आए बोधगया के श्रद्धालुओं की ओर से बोधगया नगर परिषद क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों के महादलित टोलों में कुल 34 चापाकल लगवाए गए हैं. इन चापाकलों का उद्घाटन मंगलवार को किया गया.
इस पहल के तहत राजपुर और डहरियाबीघा में 7 चापाकल, टीकाबीघा में 2, बकरौर में 1, वाल्मीकि बस्ती में 4, हथियार में 14 और नीमा में 5 चापाकल लगाए गए हैं.
इस पहल से करीब 1000 से अधिक ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा मिलने की उम्मीद है. खासकर महादलित बस्तियों में रहने वाले लोगों को अब पानी के लिए दूर-दराज के इलाकों में नहीं जाना पड़ेगा. चापाकल लगने से ग्रामीणों में काफी खुशी है और लोगों ने इस नेक पहल के लिए विदेश से आए श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया.
बोधगया के इन श्रद्धालुओं की पहल ने यह संदेश दिया है कि मानव सेवा और जरूरतमंदों की मदद ही सच्ची सेवा है. धार्मिक नगरी बोधगया से शुरू हुई यह पहल ग्रामीणों के जीवन में बड़ी राहत लेकर आई है.
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।