BREAKING NEWS
विवि में रिक्त पदों पर नियुक्ति को लेकर राज्यपाल का बड़ा बयान, बोले- सरकार और राजभवन मिलकर करते हैं नियुक्ति
विश्वविद्यालयों में शिक्षकों और अन्य पदों की कमी जल्द दूर करने की जताई उम्मीद,कहा- नियमित होना चाहिए शैक्षणिक सत्र
रांची: झारखंड के विभिन्न विश्वविद्यालयों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों पर नियुक्ति को लेकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब विश्वविद्यालयों में नियुक्ति की प्रक्रिया केवल राज्यपाल के स्तर से नहीं होती, बल्कि इसमें राज्य सरकार और राज्यपाल दोनों की भूमिका होती है। राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों में नियुक्तियों को लेकर सरकार और राजभवन मिलकर काम करते हैं। उनकी इच्छा है कि विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों की समस्या जल्द दूर हो, ताकि शैक्षणिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
नियमित शैक्षणिक सत्र पर राज्यपाल का जोर
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र नियमित हो जाए। इसके साथ ही विश्वविद्यालयों में जो भी कमियां हैं, उन्हें जल्द से जल्द दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि रिक्त पदों पर नियुक्ति और अन्य समस्याओं का समाधान होने से विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था बेहतर होगी।
नियुक्ति प्रक्रिया में सरकार और राजभवन की भूमिका
राज्यपाल के इस बयान को झारखंड के विश्वविद्यालयों में लंबे समय से लंबित नियुक्तियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों के कारण शिक्षण और प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। अब देखना होगा कि राज्य सरकार और राजभवन के समन्वय से नियुक्ति प्रक्रिया को कितनी तेजी मिलती है और विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों को भरने की दिशा में कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।
रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।