JHARKHAND CRIME
विवाहिता की संदिग्ध मौत पर सदर अस्पताल में हंगामा, मायके वालों ने लगाया हत्या और दहेज प्रताड़ना का आरोप
पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप,वहीं ससुराल वालों ने बताया आत्महत्या का मामला;पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए RIMSभेजा
रांची: राजधानी रांची में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मौत की खबर मिलते ही सदर अस्पताल परिसर में मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मामला सुखदेव नगर थाना क्षेत्र का है, जहां रहने वाली अर्पणा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोग उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मायके वालों ने लगाया दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप
मौत की सूचना मिलने पर मृतका के पिता और भाई सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पति विकास कुमार ठाकुर समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि विवाहिता ने आत्महत्या की है। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बाद अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही अर्पणा की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। अब सवाल है कि अर्पणा कुमारी की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
रांची से नैयर की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।