Live

BIG NEWS

विष्णुपद मंदिर में चेन और मंगलसूत्र की छिनतई से हड़कंप,10-12 श्रद्धालुओं को बनाया निशाना, CCTV में कैद हुई संदिग्धों की गतिविधियां

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

गया जी : विश्व प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में कार्तिक मास के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. इसी भीड़ का फायदा उठाकर उचक्कों द्वारा श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र काटने की घटनाएं सामने आई है.. मंदिर परिसर में हुई इन घटनाओं के बाद श्रद्धालुओं के बीच चिंता और नाराजगी का माहौल है. वहीं मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.

बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र से अपनी मां के साथ विष्णुपद मंदिर में दर्शन करने पहुंचे एक श्रद्धालु परिवार की महिला के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी कर लिया गया. पीड़ित परिवार के अनुसार दर्शन के दौरान ही उचक्कों ने भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया. काफी खोजबीन के बावजूद जब आभूषणों का पता नहीं चला तो पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की.

पीड़ित श्रद्धालुओं का दावा है कि मंदिर में उनके साथ-साथ 10 से 12 अन्य बाहरी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के गले से भी चेन और मंगलसूत्र चोरी किए गए हैं.

पीड़ित अजय कुमार ने बताया कि इस संबंध में विष्णुपद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. वहीं मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना से जुड़े संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने की बात भी सामने आई है.

पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर संदिग्धों की पहचान करने, उन्हें जल्द गिरफ्तार करने और चोरी गए सोने के आभूषणों की बरामदगी की मांग की है.

श्रद्धालुओं का कहना है कि विष्णुपद मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में देश-विदेश से लोग दर्शन करने पहुंचते हैं. ऐसे में मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की निगरानी को और मजबूत करने की जरूरत है. भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की भी मांग की गई है.

फिलहाल श्रद्धालुओं की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और कार्रवाई को लेकर पीड़ितों को पुलिस प्रशासन से उम्मीद है.

गया से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें