Live

BIHAR NEWS

विक्रमशिला सेतु बंद होने से भागलपुर में केले की कीमत बढ़ी, नवगछिया से ढुलाई महंगी और कारोबारियों की बिक्री प्रभावित

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

भागलपुर: बिहार के भागलपुर में पर्व के दौरान केले की मांग बढ़ी हुई है,लेकिन विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बाधित होने से कारोबारियों की परेशानी बढ़ गई है. नवगछिया से बड़ी मात्रा में केला भागलपुर के बाजार में पहुंचता है. पुल बंद होने के कारण अब कारोबारियों को गंगा पार करने के लिए जहाज का सहारा लेना पड़ रहा है. इससे केले को बाजार तक पहुंचाने में समय और परिवहन लागत दोनों बढ़ गए हैं.

कारोबारियों के मुताबिक,पहले नवगछिया से भागलपुर तक केला पहुंचाना अपेक्षाकृत आसान था,लेकिन अब जहाज के समय और उपलब्धता पर निर्भर रहना पड़ रहा है. पर्याप्त यात्री होने के बाद ही जहाज रवाना होता है,जिससे कारोबारियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है. खैरपुर निवासी एक कारोबारी के अनुसार,नवगछिया से सुबह आठ बजे निकलने के बाद भागलपुर के तिलकामांझी बाजार पहुंचने में करीब पांच घंटे लग गए.

इसका सीधा असर केले की कीमत पर भी दिखाई दे रहा है. कारोबारियों के अनुसार,नवगछिया में केला करीब 20 से 25 रुपये दर्जन मिल रहा है,जबकि भागलपुर बाजार में परिवहन खर्च और समय बढ़ने के कारण इसकी कीमत 30 से 35 रुपये दर्जन तक पहुंच गई है.

इसी तरह पहले करीब 200 रुपये सैकड़ा बिकने वाला केला अब 250 रुपये सैकड़ा तक पहुंच गया है. पर्व के समय मांग होने के बावजूद आवागमन की समस्या के कारण बिक्री सामान्य स्तर तक नहीं पहुंच पा रही है. कारोबारियों का कहना है कि पुल बंद रहने तक परिवहन लागत और समय की समस्या बनी रहने की आशंका है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें