BIHAR NEWS
विधान परिषद चुनाव में हार के बाद भाजपा में मंथन तेज, बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी आज पटना में संगठन और सरकार से लेंगे फीडबैक
पटना : बिहार विधान परिषद चुनाव में भाजपा को मिली हार के बाद पार्टी संगठन में हलचल तेज हो गई है. लगातार चुनावी झटकों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी शनिवार को पटना पहुंचकर संगठन और सरकार में शामिल नेताओं से फीडबैक लेंगे. बिहार प्रभारी का दायित्व संभालने के बाद पटना में यह उनकी पहली बड़ी संगठनात्मक बैठक होगी.
हरीश द्विवेदी प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे. इस दौरान हालिया चुनावी परिणामों, संगठन की मौजूदा स्थिति, पार्टी की गतिविधियों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होगी. माना जा रहा है कि बिहार प्रभारी पार्टी के जमीनी कामकाज और संगठन की चुनौतियों को समझने के साथ नेताओं से सीधे संवाद करेंगे.
दो विधान परिषद सीटों पर हार के बाद समीक्षा
दरअसल, बिहार विधान परिषद चुनाव में भाजपा को पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में हार का सामना करना पड़ा है. ये दोनों निर्वाचन क्षेत्र भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के गृह जिलों से जुड़े हैं. इससे पहले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भी पार्टी को हार मिली थी. लगातार मिल रहे चुनावी झटकों के कारण संगठन के भीतर समीक्षा की जरूरत महसूस की जा रही है.
शाम को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक
प्रदेश मुख्यालय में बैठक के बाद शाम को भाजपा विधानमंडल दल की बैठक आयोजित होगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में भाजपा के सांसद, मंत्री, विधायक और विधान पार्षद शामिल होंगे. इसमें संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा होने की संभावना है.
आरएन सिन्हा को देंगे श्रद्धांजलि
पटना प्रवास के दौरान हरीश द्विवेदी भाजपा के संस्थापक सदस्य, पूर्व राज्यसभा सांसद और एसआईएस ग्रुप के संस्थापक डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन भी करेंगे. उनके निधन से भाजपा नेताओं और समर्थकों में शोक है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।