Live

BIHAR CRIME

वैशाली में फिल्मी अंदाज में वारदात: युवक को गोली मारकर अपने साथ ले गए अपराधी, इलाके में दहशत

D
Deepak Kumarलेखक

सराय थाना क्षेत्र के नरेंद्र प्रबोधी गांव में हुई घटना;घटनास्थल से तीन खोखा बरामद,पुलिस युवक की तलाश में जुटी
वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। सराय थाना क्षेत्र के नरेंद्र प्रबोधी गांव में अपराधियों ने एक युवक को पहले बुलाया और फिर उस पर गोली चला दी। गोली मारने के बाद अपराधी घायल युवक को अपने साथ लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

लापता युवक की पहचान टिंकू कुमार उर्फ विवेक कुमार के रूप में हुई है। वह मझौली मोहम्मदपुर बुजुर्ग चौक का निवासी बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने युवक को नरेंद्र प्रबोधी गांव में बुलाया था। वहां पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। इसके बाद उसे अपने साथ लेकर फरार हो गए।

घटनास्थल से तीन खोखा बरामद
वारदात की सूचना मिलते ही सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखा बरामद किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी सोनू कुमार और सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

युवक की तलाश में छापेमारी
गोली मारने के बाद अपराधी युवक को कहां लेकर गए, यह फिलहाल सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है। युवक की स्थिति और उसके ठिकाने को लेकर अभी तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय लोगों में भी भय और चिंता का माहौल है।

पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं पर जांच
पुलिस पूरे मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। वारदात के पीछे पुरानी रंजिश है या कोई अन्य कारण, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि युवक की बरामदगी और घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

वैशाली से रिशभ कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें