Hindi News / पातेपुर थाना में तैनात दारोगा अखिलेश सिंह को 15 हजार रुपये घूस लेते...

वैशाली में निगरानी टीम ने की बड़ी कार्रवाई : पातेपुर थाना में तैनात दारोगा अखिलेश सिंह को 15 हजार रुपये घूस लेते पकड़ा

Edited By:  |
vaishali mai nigrani team ne ki badi karrawai

वैशाली:बड़ी खबर वैशाली से है जहां निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के पातेपुर थाना में तैनात दारोगा अखिलेश सिंह को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है.

बताया जा रहा है कि परिवादी चंदन कुमार ने निगरानी विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पातेपुर थाना कांड संख्या 84/26 और 85/26,जो कि काउंटर केस से जुड़ा मामला था,उसमें केस डायरी लिखने और मामले को रफा-दफा करने के एवज में दारोगा द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी. शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पूरे मामले का सत्यापन कराया. आरोप सही पाए जाने पर डीएसपी सत्येंद्र राम के नेतृत्व में 10 सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और सोमवार को जैसे ही आरोपी दारोगा ने परिवादी से ₹15 हजार की रिश्वत ली,पहले से मौजूद टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने पातेपुर थाने में ही आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की. वहीं आरोपी दारोगा को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पटना स्थित निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा. इस कार्रवाई के बाद स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और विभागीय स्तर पर भी मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है.

भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की लगातार कार्रवाई यह साफ संकेत दे रही है कि रिश्वतखोरी करने वालों पर अब सख्त नजर रखी जा रही है.

वैशाली से ऋषभ कुमार की रिपोर्ट--