BIG BREAKING
वैशाली में जमीन विवाद में सगे भाई की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने पिस्टल के साथ हाजीपुर कोर्ट में किया सरेंडर, पत्नी भी गिरफ्तार
वैशाली : बड़ी खबर बिहार के वैशाली से है जहां करताहा थाना क्षेत्र के धनुषी गांव में जमीन विवाद को लेकर सगे भाई की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद आरोपी ने पिस्टल के साथ हाजीपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि पुलिस ने उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार,सुरेश सिंह और सोमनाथ सिंह एक ही मकान में रहते थे,जबकि तीसरा भाई कृष्णा सिंह अलग मकान बनाकर रह रहे थे. सुरेश और सोमनाथ के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. विवाद को सुलझाने के लिए गांव में कई बार पंचायत भी हुई,लेकिन मामले का हल नहीं हो सका. इसी विवाद के चलते गोलीबारी की घटना हुई,जिसमें सोमनाथ सिंह की जान चली गई.
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान कुल छह राउंड गोलियां चलाई गईं,जिनमें से तीन गोलियां सोमनाथ सिंह को लगीं. गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में सनसनी फैल गई. घटना में इस्तेमाल पिस्टल लाइसेंसी बताई जा रही है.
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही करताहा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों और जमीन विवाद के पुराने कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है. गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है.
पिस्टल के साथ हाजीपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण
घटना के बाद आरोपी सुरेश सिंह ने हाजीपुर न्यायालय में पिस्टल के साथ आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस अब घटना के पीछे के कारणों,इस्तेमाल किए गए हथियार और मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की जांच कर रही है.
पंचायत के बाद भी नहीं सुलझा विवाद
इस घटना ने एक बार फिर जमीन विवाद को लेकर होने वाले हिंसक संघर्ष पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच विवाद पुराना था और इसे सुलझाने के लिए कई बार पंचायत की गई थी. इसके बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो सका और मामला हत्या तक पहुंच गया.
फिलहाल,मामले में पुलिस की जांच और न्यायालय की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है.
वैशाली से ऋषभ कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।