BREAKING NEWS
वैशाली को विकसित जिला बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर करेंगी काम, चिराग पासवान ने अधिकारियों को दिए निर्देश
दिशा की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री ने कहा- योजनाओं में आ रही बाधाओं को दूर करना प्राथमिकता,बाढ़ के बाद कटाव और रेलवे-राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े मुद्दों पर जल्द होगी विशेष बैठक
हाजीपुर: वैशाली जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए केंद्र और बिहार सरकार मिलकर काम कर रही हैं। हाजीपुर समाहरणालय स्थित पुष्करणी सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों की तत्परता और अधिकारियों की ओर से मिले सकारात्मक जवाब उनके विश्वास को मजबूत करते हैं। सभी के सामूहिक प्रयास से वैशाली को एक विकसित जिला बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से होगा वैशाली का विकास
चिराग पासवान ने कहा कि वैशाली ऐसा जिला है, जहां केंद्र सरकार के स्तर पर केंद्रीय मंत्री के रूप में उनकी भूमिका है, वहीं बिहार सरकार के दो मंत्री भी जिले के विकास कार्यों से जुड़े हैं। ऐसे में केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से विकास योजनाओं को गति देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिशा की बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं, लंबित कार्यों और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बाढ़ के बाद कटाव की समस्या पर जताई चिंता
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वैशाली जिले के कई इलाकों में बाढ़ के बाद नदी कटाव एक बड़ी समस्या बनकर सामने आती है। इस मुद्दे को बैठक में गंभीरता से उठाया गया है। कटाव की समस्या से प्रभावित क्षेत्रों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
रेलवे और NHके मुद्दों पर जल्द होगी विशेष बैठक
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने रेलवे विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाए। इन समस्याओं के समाधान के लिए समिति ने निर्णय लिया है कि जल्द ही रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित मामलों को लेकर अलग से विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में समस्याओं की समीक्षा कर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
'अच्छा काम हो रहा है,लेकिन बेहतरीन तक पहुंचना है'
चिराग पासवान ने कहा कि जिले में विभिन्न विकास योजनाओं के तहत अच्छा काम हो रहा है, लेकिन केवल अच्छे काम से संतुष्ट नहीं होना है। प्रयास यह होना चाहिए कि हर योजना को बेहतरीन स्तर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने अपनी सोच को दोहराते हुए कहा कि उनकी राजनीति का मूल मंत्र 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' है। इसी सोच के साथ वैशाली समेत पूरे बिहार के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सांसद और सभी विधायक रहे मौजूद
दिशा की इस महत्वपूर्ण बैठक में वैशाली की सांसद वीणा सिंह समेत जिले के सभी विधायक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को रखा और विकास योजनाओं को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया।
वैशाली से पंकज चौहान की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।