UTTAR PRADESH NEWS
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से दरभंगा जा रही बस ट्रेलर से भिड़ी, चार यात्रियों की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में शुक्रवार तड़के गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से दरभंगा जा रही एसी बस अम्बरपुर टोल प्लाजा के पास ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में बस सवार चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक और घायल सभी बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।जानकारी के मुताबिक, बस आगे चल रहे एक वाहन को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान बस की ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर बस के बाएं हिस्से में हुई, जिससे करीब 40 फीट लंबी बस का वह हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल और नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।पुलिस के अनुसार, हादसे में मृत चार यात्रियों में से एक की पहचान बिहार निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई है। तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने में जुटी है।
वहीं, तीन घायलों की पहचान सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) के रूप में हुई है। तीनों दरभंगा के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी जारी है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।