UTTAR PRADESH
अयोध्या दीपोत्सव, शोभायात्रा में सजी भव्य झांकियां, देश भर के लोकनृत्यों से सराबोर हुई धर्मनगरी
रामनगरी अयोध्या एक बार फिर त्रेतायुग के वैभव और दिव्यता से जगमगा उठी है! अवसर है अयोध्या के दसवें ऐतिहासिक दीपोत्सव का, जिसका भव्य शुभारंभ एक विशाल श्रीराम शोभायात्रा के साथ हो चुका है।साकेत महाविद्यालय से निकली इस शोभायात्रा में रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित अद्भुत झांकियां शामिल हैं, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामकथा पार्क तक पहुंच रही हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दोपहर रामकथा पार्क के निकट पहुंचेंगे, जहाँ वे दीपोत्सव की भव्य झांकियों का अवलोकन करेंगे और भगवान श्रीराम के स्वागत में पारंपरिक रथ खींचने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद, राम की पैड़ी पर सीएम योगी का संबोधन होगा, सरयू पुल पर हरित आतिशबाजी का प्रदर्शन और रात्रि में रामकथा पार्क में रामलीला का मंचन प्रस्तावित है। इस बार का दीपोत्सव तकनीक और परंपरा का एक अनूठा संगम है।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि लगभग 28 मिनट के इस भव्य शो में भारतीय परंपरा और आधुनिक तकनीक का ऐसा मेल दिखेगा, जो राम भक्तों को मंत्रमुग्ध कर देगा। इस बार खास बात यह है कि जेन-जी और तकनीक पसंद युवाओं के लिए ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) का शानदार अनुभव तैयार किया गया है। राम की पैड़ी क्षेत्र में खास ऐप के जरिए मोबाइल से स्कैन करते ही रामायण के 5 थ्री-डी (3D) दृश्य आपके वास्तविक परिवेश में जीवंत हो उठेंगे, जिन्हें दर्शक रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर भी साझा कर सकेंगे! उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति भी इस दीपोत्सव में चार चांद लगा रही है। पश्चिम बंगाल का 'श्री खोल', ओड़िशा का 'मास्क डांस', झारखंड का 'पुरुलिया छऊ', मध्य प्रदेश का 'गुदुम बाजा', कर्नाटक का 'ढोलु कुनीथा' और गुजरात का 'तलवार रास' देश की विविधता में एकता का अनूठा संदेश दे रहे हैं।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।