UTTAR PRADESH NEWS
यूपी चुनाव में जेडीयू-लोजपा की बढ़ी दावेदारी, सीट बंटवारे पर नजर, बात नहीं बनी तो अकेले मैदान में उतरने की तैयारी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बिहार की सत्तारूढ़ सहयोगी पार्टियां जेडीयू और लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास सक्रिय हो गई हैं। दोनों दल यूपी में संगठन मजबूत करने के साथ चुनावी जमीन तैयार कर रहे हैं। जेडीयू करीब 60 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रही है, जबकि लोजपा रामविलास ने सभी 403 सीटों पर संगठन खड़ा करने का दावा किया है।जेडीयू ने यूपी चुनाव की जिम्मेदारी बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार को सौंपी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल के मुताबिक, करीब 60 सीटों पर चुनावी तैयारी चल रही है। इनमें पूर्वांचल के अलावा मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सीटें भी शामिल हैं। पार्टी का फोकस संगठन विस्तार और पिछड़े वर्ग के सामाजिक समीकरण पर है।
इसी बीच नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का वाराणसी दौरा भी चर्चा में रहा। उन्होंने बाबा विश्वनाथ मंदिर में पूजा और गंगा आरती में हिस्सा लिया। जेडीयू ने 25 अक्टूबर को वाराणसी में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है, जिसमें संगठन और चुनावी रणनीति पर मंथन होगा।लोजपा रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान भी यूपी में पार्टी का आधार बढ़ाने में जुटे हैं। जुलाई में लखनऊ और सितंबर में प्रयागराज के कार्यक्रमों में उन्होंने 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कही थी। पार्टी यूपी की सभी 403 सीटों पर संगठन मजबूत करने का दावा कर रही है।
दोनों दल फिलहाल एनडीए का हिस्सा हैं और सीट बंटवारे में भाजपा के फैसले पर नजर रहेगी। लोजपा का कहना है कि सम्मानजनक सीटें मिलने पर गठबंधन में चुनाव लड़ा जाएगा। वहीं, जेडीयू भी अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में दावेदारी मजबूत कर रही है।अगर एनडीए में सीटों को लेकर सहमति नहीं बनती है, तो दोनों दल अलग चुनाव लड़ने का विकल्प खुला रख सकते हैं। इससे यूपी में छोटे दलों के बीच वोटों के बंटवारे का नया समीकरण बन सकता है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।